Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पीड़िता विंध्यवासिनी देवी ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि उसके पति सुनील कुमार उर्फ विकास कुमार का गांव की ही एक महिला के साथ अवैध संबंध था। जब भी उसने इसका विरोध किया, तब-तब उसके साथ मारपीट की गई। मामले को लेकर उसने पहले भी 17 अप्रैल 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद 23 अप्रैल को समझौता हुआ था और आरोपियों ने भविष्य में ऐसा न करने का लिखित आश्वासन दिया था। हालांकि, 3 मई 2026 की सुबह स्थिति फिर बिगड़ गई। पीड़िता के अनुसार, जब वह घर में अकेली थी, तब उसका पति अपनी कथित प्रेमिका के साथ घर पहुंचा और दोनों ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान महिला जमीन पर गिर पड़ी, जिसके बाद आरोप है कि प्रेमिका ने उसके पेट पर लात मारी और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता को गंभीर हालत में भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में डॉक्टरों ने गर्भ में शिशु को मृत घोषित कर दिया। बाद में चिकित्सकों द्वारा आवश्यक उपचार किया गया। मामले की जानकारी देते हुए चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि इस गंभीर प्रकरण में आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।



