Homeकुदराकुदरा में सूने घर पर चोरों का धावा, 13 लाख से अधिक...

कुदरा में सूने घर पर चोरों का धावा, 13 लाख से अधिक की नकदी-जेवरात समेट ले गए बदमाश

कुदरा बाजार में बंद मकान से 13 लाख की चोरी, नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

Bihar: कैमूर जिले के कुदरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-4 में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और लाखों रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड व एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम के साथ वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी। पीड़ित अशोक रावत ने बताया कि वह 21 जुलाई को पूरे परिवार के साथ आवश्यक कार्य से कोलकाता गए थे। गुरुवार को जब परिवार वापस लौटा और घर का मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचा तो कमरों के ताले टूटे मिले। घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी और बक्सों की जांच करने पर उसमें रखे करीब 3 लाख 65 हजार रुपये नकद और 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर छत के रास्ते मकान में घुसे और एक-एक कमरे के ताले तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली। परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी और कीमती जेवरात पर बदमाश हाथ साफ कर गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 13 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा फिंगरप्रिंट समेत अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। थानाध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।

यह घटना इसलिए भी चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि चोरी का यह मकान कुदरा बाजार के पूरब छोर पर स्थित है और थाना परिसर से भी अधिक दूर नहीं है। कुछ दिन पहले भी कुदरा बाजार में एक मोबाइल दुकान का शटर काटकर चोरी का प्रयास किया गया था। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत क्षेत्र में लगाए गए लगभग 60 सीसीटीवी कैमरों में से कई लंबे समय से बंद पड़े हैं, जबकि कई संवेदनशील स्थान अब भी कैमरों की निगरानी से बाहर हैं। लोगों का कहना है कि यदि सभी कैमरे चालू रहते और उनकी नियमित मॉनिटरिंग होती, तो अपराधियों की गतिविधियों पर समय रहते नजर रखी जा सकती थी और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता था।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments