Home रोहतास कटहल की खेप में छिपा था नशे का जाल, 500 किलो गांजा...

कटहल की खेप में छिपा था नशे का जाल, 500 किलो गांजा संग तस्कर गिरफ्तार

कटहल के नीचे छिपाकर ले जा रहे 500 किलो गांजा जब्त, मोहनिया पहुंचाने की थी तैयारी

Bihar: रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलो गांजा बरामद किया है। तस्कर गांजा को कटहल की खेप के नीचे छिपाकर उड़ीसा से बिहार ला रहे थे। पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर वाहन और मोबाइल जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी में कटहल लादकर उसके नीचे भारी मात्रा में गांजा छिपाया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

यह खेप उड़ीसा के संबलपुर से झारखंड के रास्ते बिहार लाई जा रही थी और कुछ ही देर में जवाहर सेतु पार करने वाली थी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सह एएसपी अतुलेश झा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में नगर थाना के थानाध्यक्ष राहुल कुमार समेत एसटीएफ और तकनीकी शाखा के कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के पाली मोड़ के पास लक्ष्मी टीवीएस के सामने वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान कटहल से लदी एक संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कटहल के नीचे छिपाकर रखा गया लगभग 500 किलो गांजा बरामद हुआ। साथ ही वाहन से करीब 15 क्विंटल कटहल भी मिला।

गिरफ्तार चालक की पहचान रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र स्थित गांधी नगर निवासी सत्येंद्र कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि गांजे की खेप उड़ीसा से झारखंड होते हुए औरंगाबाद के रास्ते मोहनिया पहुंचाई जा रही थी। उसने तस्करी में शामिल कुछ अन्य लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। कैमूर पुलिस के साथ समन्वय बनाकर मोहनिया से जुड़े आरोपियों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। वहीं, गिरफ्तार चालक के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस सफल कार्रवाई में शामिल टीम के सभी सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।

 

Exit mobile version