Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मिली जानकारी के अनुसार डहला गांव निवासी विंध्याचल चौधरी की पत्नी ऊषा देवी अपने दो बेटों आयुष कुमार (9 वर्ष) और ऋतिक कुमार (7 वर्ष) के साथ मायके जाने के लिए घर से निकली थीं। तीनों सड़क पार कर ऑटो पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सात वर्षीय ऋतिक कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी मां ऊषा देवी और भाई आयुष कुमार घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों ने एनएच-19 पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आवागमन बाधित कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर एसडीपीओ गोपाल कृष्ण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि डहला गांव के पास लंबे समय से सर्विस रोड की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि सर्विस रोड बनी होती तो इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।