Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्राथमिकी के अनुसार, शेरपुर निवासी अंजनी देवी, पति अरविंद सिंह, ने बताया कि 3 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे वह अपने पुत्र जुगनू पटेल के साथ बाइक से भभुआ बाजार मुर्गा का दाना खरीदने जा रही थीं। आरोप है कि कन्हैया पासी के गोदाम के पास पहले से मौजूद मनीष शर्मा, विनोद शर्मा, प्रमोद शर्मा समेत अन्य लोगों ने उनकी बाइक रोक ली और घेरकर हमला कर दिया।
आवेदिका का कहना है कि आरोपियों ने कहा कि एक दिन पहले वे उधार में मुर्गा लेने गए थे, लेकिन मुर्गा नहीं दिया गया। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने रंगदारी की मांग की और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान मनीष शर्मा ने जुगनू पटेल के पास रखे मुर्गा दाना खरीदने के लिए रखे 10 हजार रुपये भी छीन लिए।
महिला ने बताया कि शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह मां-बेटे को बचाया। इसके बाद दोनों चैनपुर थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने पहले इलाज कराने की बात कही। इलाज के बाद जब दोबारा आवेदन दिया गया तो प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसी बीच घायल पुत्र जुगनू पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आवेदिका के अनुसार, स्थानीय थाना और भभुआ महिला थाना में मामला दर्ज नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद चैनपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी



