Homeजमुईईओयू की बड़ी कार्रवाई, कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के चार ठिकानों पर...

ईओयू की बड़ी कार्रवाई, कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के चार ठिकानों पर छापेमारी, लाकर तोड़कर खंगाले गए दस्तावेज

झाझा के कार्यपालक अभियंता पर ईओयू की बड़ी कार्रवाई, आय से अधिक संपत्ति मामले में 4 ठिकानों पर छापेमारी

Bihar: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को जमुई जिले के झाझा ग्रामीण कार्य विभाग में तैनात कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी छापेमारी की गई। पटना से पहुंची ईओयू की टीम ने एक साथ चार ठिकानों पर दबिश देकर संपत्ति और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की। कार्रवाई की खबर फैलते ही विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया और कई अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय तक नहीं पहुंचे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

जानकारी के अनुसार आर्थिक अपराध इकाई थाना में गोपाल कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में उनके पास करीब दो करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति मिलने की बात सामने आई है, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 81.5 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। इसके बाद विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर शनिवार सुबह कार्रवाई शुरू की गई। ईओयू की टीम ने पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित जगत विला अपार्टमेंट के फ्लैट, कंकड़बाग स्थित आवास, जमुई में केकेएम कॉलेज के समीप किराए के मकान तथा झाझा स्थित ग्रामीण कार्य विभाग कार्यालय में एक साथ छापेमारी की। झाझा कार्यालय में डीएसपी सुनील कुमार के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम सुबह करीब आठ बजे पहुंची। उस समय कार्यालय में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। बाद में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी को बुलाकर कार्यालय खुलवाया गया। तलाशी के दौरान टीम को कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की तलाश थी। इस बीच विभाग के कैशियर को फोन कर कार्यालय बुलाया गया, लेकिन काफी देर तक उनके नहीं पहुंचने पर निगरानी टीम ने झाझा पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के पहुंचने के बाद कार्यालय के लाकर को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी दौरान अन्य अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय पहुंचे, लेकिन उनके चेहरों पर कार्रवाई का डर साफ दिखाई दे रहा था। सूत्रों की मानें तो छापेमारी की सूचना मिलते ही कई पदाधिकारी एवं कर्मी कार्यालय नहीं पहुंचे। वहीं आसपास के लोगों के बीच भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि पूरी कार्रवाई की निगरानी के लिए दो दंडाधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है। स्थानीय स्तर पर कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के कार्यों को लेकर पहले से असंतोष की बात सामने आती रही है। पूर्व एमएलसी संजय प्रसाद ने दावा किया कि जून 2025 में उन्होंने मुख्यमंत्री से लेकर निगरानी विभाग तक पत्र भेजकर अभियंता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं ईओयू के डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि कैशियर को बुलाया गया था, लेकिन उनके नहीं आने के कारण पुलिस की मौजूदगी में लाकर तोड़ने की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि तलाशी पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments