Homeसारणधनतेरस की रात मंदिर में बड़ी चोरी, डेढ़ सौ साल पुरानी अष्टधातु...

धनतेरस की रात मंदिर में बड़ी चोरी, डेढ़ सौ साल पुरानी अष्टधातु की आठ मूर्तियां गायब

छपरा मंदिर से 150 साल पुरानी अष्टधातु की 8 मूर्तियां चोरी

Bihar: छपरा शहर में धनतेरस की रात चोरों ने एक प्राचीन मंदिर को निशाना बनाकर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। भगवान बाजार थाना क्षेत्र के नई बाजार स्थित जय नारायण जी के मंदिर से चोर करीब 150 साल पुरानी अष्टधातु की आठ छोटी मूर्तियां लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, चोर मंदिर में रखे घंटे, भोग लगाने की थाली और आरती की थाली भी अपने साथ ले गए। शनिवार की सुबह मंदिर में चोरी की जानकारी सामने आने के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

 मिट्टी की मूर्तियों को छोड़ अष्टधातु की प्रतिमाओं पर थी नजर  

मंदिर की देखरेख करने वाले बृजमोहन प्रसाद के अनुसार, मंदिर में वर्षों से नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती आ रही है। इससे पहले यहां चोरी की कोई घटना नहीं हुई थी। इस बार चोरों ने बेहद चुनिंदा तरीके से वारदात को अंजाम दिया। मंदिर में मौजूद मिट्टी की मूर्तियों और अन्य प्रतिमाओं को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया, जबकि अष्टधातु से निर्मित सभी आठ छोटी मूर्तियां गायब कर दीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों को मंदिर में रखी प्राचीन अष्टधातु की प्रतिमाओं की जानकारी पहले से थी और उन्होंने पूरी योजना के साथ चोरी की घटना को अंजाम दिया।

धनतेरस की रात मंदिर में नहीं लगा था ताला

बताया जाता है कि धनतेरस के अवसर पर मंदिर में ताला नहीं लगाया गया था। इसी परिस्थिति का फायदा उठाकर चोर मंदिर में दाखिल हुए और कीमती प्रतिमाओं समेत पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाले सामानों की चोरी कर ली। शनिवार की सुबह जब पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो वहां से मूर्तियां और अन्य सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद मंदिर के देखरेखकर्ता को सूचना दी गई और पुलिस को घटना से अवगत कराया गया।

सीसीटीवी कैमरों से चोरों तक पहुंचने की कोशिश

मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही भगवान बाजार थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष सूरज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरी की वारदात में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। करीब डेढ़ सौ साल पुरानी अष्टधातु की आठ प्रतिमाओं की चोरी को पुलिस गंभीरता से ले रही है। पुलिस चोरी गई मूर्तियों की बरामदगी और आरोपितों तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हुई है। प्राचीन धार्मिक प्रतिमाओं की चोरी से स्थानीय श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी गई मूर्तियों को जल्द बरामद करने की मांग की है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments