Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतौना गांव निवासी सरिता देवी, पति अमर यादव, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वह अपने घर में बैठी हुई थीं। इसी दौरान गांव के ही रविकांत यादव, रामपरिखा यादव, रामगहन यादव समेत लगभग आधा दर्जन लोग गाली-गलौज करते हुए उनके घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान उनके गले से सोने का मंगलसूत्र और कान की बाली छीन ली गई।
साथ ही आरोपियों ने मामला दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल महिला का चैनपुर सीएचसी में उपचार कराया गया। इसके उपरांत उन्होंने चैनपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में पूछे जाने पर चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि महिला द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



