Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) निवासी स्वर्गीय शिवानंद शुक्ला के पुत्र डॉ. ओ.पी. शुक्ला अपनी निजी कार से किसी आवश्यक कार्य के सिलसिले में पटना जा रहे थे। गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे जैसे ही उनकी कार महमूदगंज बाजार के पास पहुंची, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त कार में फंसे चिकित्सक को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि राहत कार्य में थोड़ी भी देर होती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को सड़क से हटवाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य कराया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-19 पर तेज गति से दौड़ते वाहनों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से हाईवे पर गति सीमा का सख्ती से पालन कराने, नियमित वाहन जांच और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



