Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मामले में मदुरना गांव निवासी अरुण सिंह, पिता स्वर्गीय राजनाथ सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि हाटा मौजा में उनकी जमीन है, जहां पिछले करीब 20 दिनों से मकान निर्माण का काम चल रहा था। आवेदन के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे हाटा निवासी सूरज सिंह चौहान, पिता स्वर्गीय सहदेव सिंह, कुछ लोगों के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचे। आरोप है कि उनके हाथ में लाइसेंसी बंदूक थी। उन्होंने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए निर्माण कार्य बंद करा दिया और पांच लाख रुपये की मांग की। आवेदक का आरोप है कि रुपये नहीं देने पर जमीन पर निर्माण नहीं करने देने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
जमीन विवाद में फैसला अपने पक्ष में होने का दावा
अरुण सिंह ने आवेदन में बताया है कि संबंधित जमीन को लेकर पहले विवाद था। उनके मुताबिक, अनुमंडल भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) के स्तर पर मामले का निराकरण हुआ था और फैसला उनके पक्ष में आया था। उन्होंने दावा किया कि जमीन से संबंधित दस्तावेज उनके पक्ष में हैं। इसके बाद ही उन्होंने वहां मकान निर्माण का कार्य शुरू कराया था। हालांकि, निर्माण कार्य के दौरान रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मकान निर्माण कार्य रुकवाने, पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।



