Homeकुदरापत्नी के इलाज में कोलकाता गए थे दंपती, पीछे से घर में...

पत्नी के इलाज में कोलकाता गए थे दंपती, पीछे से घर में घुसे चोर; बेटियों की शादी के जेवर भी समेट ले गए

कुदरा में बंद घर से डेढ़ लाख की चोरी, बेटियों की शादी के जेवर ले उड़े चोर

Bihar: कैमूर, घर में पत्नी जिंदगी और मौत से जूझ रही थी और पति उसके इलाज के लिए कोलकाता में दर-दर भटक रहे थे। इधर, पीछे से सूने पड़े मकान पर चोरों की नजर पड़ गई। करीब एक महीने तक बंद रहे घर को निशाना बनाकर चोरों ने न सिर्फ नकदी और कीमती सामान उड़ाए, बल्कि उन जेवरों को भी नहीं छोड़ा, जिन्हें पिता ने अपनी बेटियों की शादी के लिए सहेजकर रखा था। घटना कुदरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 की है, जहां चोरी की इस वारदात ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड 13 निवासी मोहम्मद जुमराती सिद्दीकी की पत्नी गंभीर रूप से बीमार हैं। उनका इलाज कोलकाता स्थित टाटा मेडिकल सेंटर में चल रहा है। पत्नी के उपचार के लिए जुमराती सिद्दीकी करीब एक महीने पहले घर बंद कर कोलकाता चले गए थे। रविवार को जब वे वापस लौटे तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने छत के रास्ते मकान में प्रवेश किया और बंद कमरों में रखी आलमारी तथा बक्सों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर से बेटियों की शादी के लिए बनवाकर रखे गए जेवर, करीब 20 हजार रुपये नकद, नए बर्तन और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

बेटियों की शादी के लिए जुटाए थे जेवर

पीड़ित के लिए इस चोरी में सबसे बड़ा नुकसान सिर्फ आर्थिक नहीं, बल्कि भावनात्मक भी है। वे अपनी दो बेटियों की शादी की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने धीरे-धीरे जेवर बनवाकर घर में सुरक्षित रखे थे। लेकिन चोर उन अरमानों पर भी हाथ साफ कर गए। पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य

घर लौटने के बाद चोरी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर जांच की। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments