Homeचैनपुरहाटा में पुलिस की घेराबंदी देख बाइक छोड़ भागे शराब तस्कर, 104...

हाटा में पुलिस की घेराबंदी देख बाइक छोड़ भागे शराब तस्कर, 104 लीटर देसी-अंग्रेजी शराब बरामद

हाटा में 104 लीटर शराब बरामद, बाइक छोड़ फरार हुए दो तस्कर

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हाटा बाजार में पुलिस की घेराबंदी के दौरान शराब लेकर पहुंचे दो तस्कर अपनी बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मौके से दोनों बाइक जब्त कर उनकी तलाशी ली, जिसमें करीब 104 लीटर देसी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि मेढ़ गांव की तरफ से दो अलग-अलग बाइक पर सवार व्यक्ति शराब की खेप लेकर हाटा बाजार की ओर जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाटा पहुंचकर मेढ़ रोड स्थित प्रजापति वाटिका के पश्चिमी गेट के पास घेराबंदी कर दी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

कुछ ही देर बाद दो बाइक पर सवार संदिग्ध युवक पुलिस की ओर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक सवारों ने अपनी गाड़ियां मौके पर छोड़ दीं और भागने लगे। पुलिस टीम एवं सशस्त्र बलों ने पीछा कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे और आसपास के इलाके का फायदा उठाकर दोनों तस्कर फरार होने में सफल रहे। तस्करों के भागने के बाद पुलिस ने मौके पर खड़ी दोनों बाइकों की तलाशी ली। इस दौरान दोनों वाहनों पर रखे बोरों से कुल 12 कार्टन शराब बरामद की गई। इनमें छह कार्टन देसी शराब और छह कार्टन अंग्रेजी शराब के थे। पुलिस के मुताबिक, एक बोरे में छह कार्टन में कुल 270 पीस ब्लू लाइन देसी शराब मिली, जिसकी मात्रा करीब 54 लीटर बताई गई है।

वहीं दूसरे बोरे से छह कार्टन में रखी 288 पीस 8 पीएम अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 50 लीटर है। इस तरह पुलिस ने कार्रवाई में करीब 104 लीटर देसी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो बाइक भी बरामद की हैं। इनमें एक काले रंग की सुपर स्प्लेंडर और दूसरी नीले रंग की टीवीएस स्टार सिटी बाइक शामिल है। दोनों वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस फरार तस्करों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में फरार दोनों शराब तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जब्त बाइकों के रजिस्ट्रेशन नंबर समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही गई है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments