Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर प्रदेश के डीह गुलड़िया गांव निवासी रामनरेश यादव के पुत्र नागेंद्र यादव और संजीत यादव तथा चैनपुर थाना क्षेत्र के अवखरा गांव निवासी विजय शर्मा के पुत्र लक्ष्मी शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से छीतमपुर के रास्ते इस्माइलपुर होते हुए कुछ लोग बाइक से शराब की खेप लेकर बिहार में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने इस्माइलपुर गांव के समीप मुख्य सड़क पर नाकेबंदी कर दी और आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान दो अलग-अलग बाइक पर सवार तीन व्यक्ति वहां पहुंचे। पुलिस टीम को देखते ही बाइक सवारों ने रास्ता बदलकर मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि पहले से सतर्क पुलिसकर्मियों और सशस्त्र बलों ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। पुलिस द्वारा दोनों बाइक की तलाशी लेने पर बोरे में छिपाकर रखी गई ब्लू लाईम देसी शराब बरामद हुई। गिनती करने पर कुल 167 पीस शराब मिली, जिसकी मात्रा 33.4 लीटर थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब तस्करी में इस्तेमाल होंडा शाइन और टीवीएस बाइक को जब्त कर लिया गया है। मामले में तीनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।



