Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
निर्माण कार्य के दौरान विवाद, 10 लोगों पर नामजद प्राथमिकी
मामले को लेकर हाटा नगर निवासी दिलीप कुमार उपाध्याय ने चैनपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने 10 लोगों को नामजद करते हुए 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, हाटा नगर के मेढ़ रोड में उनकी रैयती जमीन है, जिसका खाता संख्या 377 और प्लॉट संख्या 260 है। इसी जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि 30 अगस्त को मनोज चौहान, उनके पुत्र सत्यम चौहान और शिवम चौहान सहित सुंदरम चौहान, भोला चौहान, बबलू चौहान, छुन्नू चौहान, सूरज चौहान, पप्पू चौहान और महेंद्र चौहान समेत 20 से 25 अज्ञात लोग वहां पहुंचे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपितों के पास लाठी-डंडे और कट्टा था।
ईंटें उखाड़ने और निर्माण सामग्री फेंकने का आरोप
दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मौके पर पहुंचे लोगों ने निर्माण कार्य में लगी ईंटें उखाड़ दीं। इसके अलावा बोरिंग का समरसेबल पंप, सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर उखाड़ने तथा अर्धनिर्मित मकान में रखी निर्माण सामग्री बाहर फेंकने की बात भी कही गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने और जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से गलत दस्तावेज तैयार करने का भी आरोप लगाया गया है।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही चैनपुर थाना पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बबलू चौहान और पप्पू चौहान को गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



