Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
तेज रफ्तार में चला रहा था चालक, अचानक पलटी टेंपो
घटना के संबंध में घायल रीना देवी ने बताया कि वे मोहनिया से टेंपो पर सवार होकर चैनपुर स्थित हरसू ब्रह्मधाम में दर्शन-पूजन करने जा रही थीं। उनके अनुसार, रास्ते में चालक अन्य यात्रियों को भी टेंपो में बैठाता गया और वाहन को काफी तेज गति से चला रहा था। केवा नहर के समीप सड़क के दोनों किनारों पर काफी संख्या में टेंपो खड़े थे। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेंपो पलट गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद चालक टेंपो छोड़कर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को चैनपुर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। स्वास्थ्य प्रबंधक अजय कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में कुल सात लोग घायल हुए थे। इनमें दो महिलाएं और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल थे। बिरजा देवी की स्थिति अधिक गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि रीना देवी और दशरथ राम का अस्पताल में इलाज जारी है। यदि उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होता है, तो उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा सकता है।



