Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के मुताबिक मोहनियां नगर पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी उमेश कुमार गुप्ता की शादी 12 मई को कटरा कला निवासी श्याम लाल साह की पुत्री रानी कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। अगले दिन दुल्हन की विदाई कराकर उसे ससुराल लाया गया। शादी के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन कुछ ही दिनों में यह खुशी परेशानी में बदल गई। बताया जा रहा है कि रविवार रात परिवार के सभी लोग भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए। सोमवार सुबह जब उमेश कुमार की नींद खुली तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। वहीं उनके बड़े भाई और भाभी के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। घर के भीतर तलाश करने पर नवविवाहिता कहीं नजर नहीं आई।
परिजनों ने जब अलमारी की जांच की तो गोदरेज खुला पड़ा था। आरोप है कि दुल्हन दो ट्रॉली बैग में कपड़े, नकदी और करीब 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर घर से चली गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने युवती के मायके वालों से संपर्क किया, लेकिन वहां से जानकारी मिली कि वह अपने घर भी नहीं पहुंची है। इसके बाद पति ने मोहनियां थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन की जा रही है।



