Homeऔरंगाबादठेके की होड़ बनी खूनी दुश्मनी की वजह! हलवाई का शव नहर...

ठेके की होड़ बनी खूनी दुश्मनी की वजह! हलवाई का शव नहर में मिलने से मचा हड़कंप

औरंगाबाद में हलवाई की हत्या, ठेके की प्रतिस्पर्धा में युवक का शव नहर में मिला

Bihar: औरंगाबाद, शादी-विवाह में हलवाई का काम हासिल करने की प्रतिस्पर्धा आखिरकार एक युवक की जान पर भारी पड़ गई। औरंगाबाद जिले के दाउदनगर में 40 वर्षीय हलवाई धर्मेंद्र कुमार उर्फ बालाजी की हत्या कर शव नहर में फेंकने का मामला सामने आया है। शनिवार की सुबह पटना मुख्य कैनाल से उनका शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी के बयान पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में एक आरोपित अनुज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती पुलिस
घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती पुलिस

बेटे के साथ काम कर रहे थे धर्मेंद्र, खाने के बहाने ले गया था आरोपित

जानकारी के अनुसार, दाउदनगर के बम रोड वार्ड संख्या 18 निवासी धर्मेंद्र कुमार शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे कसेरा टोली रोड स्थित दुर्गा क्लब में अपने बेटे के साथ हलवाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला अनुज कुमार वहां पहुंचा। कुछ देर रुकने के बाद वह धर्मेंद्र को खाना-पीना करने की बात कहकर अपने साथ ले गया। बताया जाता है कि दोनों ठेले से चाऊमीन और मंचूरियन लेकर बगीचे की तरफ गए थे। इसके बाद धर्मेंद्र घर नहीं लौटे और उनका मोबाइल भी संपर्क से बाहर हो गया। देर शाम तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और थाने में उनके लापता होने की सूचना दी। परिजनों के मुताबिक, घर से निकलते समय धर्मेंद्र के पास करीब 50 हजार रुपये नकद भी थे।

सुबह नहर में मिला शव, मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम

शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे नहर में एक शव तैरता देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ चंद्रभूषण, अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार तथा सब इंस्पेक्टर सुदीश कुमार और विक्की कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य भी एकत्र किए।

बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर देने से बढ़ी थी व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा

मामले में मृतक की पत्नी नीतू देवी ने पुलिस को दिए बयान में अनुज कुमार और आकाश कुमार को नामजद आरोपित बनाया है। प्राथमिकी के अनुसार, धर्मेंद्र ‘बालाजी’ नाम से शादी-विवाह समारोहों में हलवाई का ठेका लेते थे। काम की बुकिंग के लिए अनुज का मोबाइल नंबर दिए जाने के बाद दोनों के बीच व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा बढ़ गई थी। इसी विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। पत्नी ने यह भी आरोप लगाया है कि खुद को बचाने के लिए अनुज ने धर्मेंद्र पर चाकू से हमला कर भागने का आरोप लगाते हुए थाने में गलत आवेदन दिया था।

एक आरोपित गिरफ्तार, दूसरे की भूमिका की जांच

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित अनुज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीपीओ चंद्रभूषण ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments