Home चैनपुर हाटा में रक्तदान के लिए आगे आए लोग, तीन युवाओं ने किया...

हाटा में रक्तदान के लिए आगे आए लोग, तीन युवाओं ने किया महादान; सांसद मनोज राम ने किया शिविर का उद्घाटन

हाटा में एचडीएफसी बैंक का रक्तदान शिविर, सांसद मनोज राम ने किया उद्घाटन

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत हाटा में सामाजिक सरोकार की एक सराहनीय पहल देखने को मिली। यहां आर्यभट्ट ज्ञान विज्ञान विद्यालय परिसर में एचडीएफसी बैंक के माध्यम से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन सासाराम संसदीय क्षेत्र के सांसद मनोज राम ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश कुमार जायसवाल भी मौजूद रहे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

तीन लोगों ने किया स्वेच्छा से रक्तदान

शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए एचडीएफसी बैंक, मोहनिया के ब्रांच ऑपरेशन मैनेजर अतुल कुमार सौरभ ने बताया कि बैंक की ओर से प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष जिले में पहला शिविर नगर पंचायत हाटा स्थित आर्यभट्ट ज्ञान विज्ञान विद्यालय में आयोजित किया गया। इसके लिए विद्यालय के निदेशक हरला सिंह एवं प्रधानाध्यापक राजेश कुमार का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि शिविर में रक्तदान के लिए कुल 15 लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से छह लोग मौके पर पहुंचे। स्वास्थ्य जांच के बाद तीन लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में होरिल सिंह, राजेश कुमार एवं सूरज कुमार राजपूत शामिल रहे। वहीं, तीन अन्य लोगों का हीमोग्लोबिन स्तर निर्धारित मानक से कम पाए जाने के कारण वे रक्तदान नहीं कर सके। रक्त संग्रह की पूरी प्रक्रिया भभुआ से पहुंची ब्लड बैंक की टीम एवं चिकित्सकों की निगरानी में संपन्न हुई।

रक्तदान से बड़ा कोई जीवनदान नहीं : सांसद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मनोज राम ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। इसलिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं रक्तदान करें और दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि जरूरत के समय किसी मरीज को रक्त की कमी के कारण परेशानी न उठानी पड़े।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश कुमार जायसवाल उपस्थित रहे। इसके अलावा राजद के जिला प्रधान महासचिव भोलानाथ यादव, समाजसेवी अनिल केसरी, संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

 

 

Exit mobile version