Homeचैनपुरसरकारी जमीन की बंदोबस्ती को लेकर विवाद, परसिया गांव में दो पक्षों...

सरकारी जमीन की बंदोबस्ती को लेकर विवाद, परसिया गांव में दो पक्षों में मारपीट; छह लोग घायल

कैमूर के परसिया में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट, छह लोग घायल

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के परसिया गांव में सरकारी जमीन की बंदोबस्ती को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जमीनी विवाद को लेकर एक पक्ष के लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से चैनपुर थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पुलिस को दिए आवेदन में परसिया गांव निवासी स्वर्गीय पोतन बिंद के पुत्र जनवरी बिंद ने बताया है कि 30 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही मदन बिंद, मुरली बिंद, मनोहर बिंद, राजू बिंद और राहुल बिंद समेत करीब नौ लोग उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।
आवेदन के अनुसार, जब जनवरी बिंद ने गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपित पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन उनके साथ भी कथित तौर पर लाठी-डंडे से मारपीट की गई।

मारपीट में जनवरी बिंद के अलावा उनके भाई धनु बिंद, भतीजा अमलेश बिंद, रमेश बिंद, सुनीता देवी और राजी देवी घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायल पहले चैनपुर थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। उपचार कराने के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित पक्ष ने आवेदन में मारपीट की मुख्य वजह सरकारी जमीन की बंदोबस्ती को बताया है। जनवरी बिंद के अनुसार, उक्त सरकारी जमीन की बंदोबस्ती उनके पक्ष में हुई है। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों के साथ विवाद चल रहा था और इसी विवाद के कारण मारपीट की घटना हुई। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments