Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मृतका की पहचान मुरारी वर्मा की पत्नी रीना देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की रात परिवार के सदस्य पास में आयोजित एक शादी समारोह में गए थे। इसी दौरान लल्लू पोखर निवासी एक युवक घर पहुंचा और रीना देवी से मोबाइल नंबर मांगने लगा। नंबर देने से इंकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया गया कि विवाद के बाद रीना देवी देर रात थाना जाने के लिए निकली थीं। रास्ते में गश्त कर रही पुलिस ने उन्हें सुबह आने की सलाह दी, जिसके बाद वह वापस घर लौट आईं। शनिवार तड़के जब उनके पति घर पहुंचे तो उन्होंने पत्नी को कमरे में फंदे से लटका पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पति ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि संबंधित युवक और रीना देवी के बीच पहले मोबाइल पर बातचीत होती थी।
इसको लेकर पहले भी घर में विवाद हुआ था, जिसके बाद मोबाइल तोड़ दिया गया और नंबर बदल दिया गया था। इसके बावजूद युवक द्वारा दोबारा संपर्क की कोशिश से वह तनाव में थीं। घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि महिला को मारकर फंदे से लटकाया गया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या—दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। महिला अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और बच्चे सदमे में हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Post Views: 22



