Home चैनपुर वाराणसी से गंगाजल लेकर अमांव पहुंचे शिवभक्त, दयाल नाथ महादेव के दरबार...

वाराणसी से गंगाजल लेकर अमांव पहुंचे शिवभक्त, दयाल नाथ महादेव के दरबार में उमड़ा जनसैलाब

भादो की पहली सोमवारी पर अमांव में उमड़ा आस्था का सैलाब, दयाल नाथ महादेव का जलाभिषेक

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Bihar: कैमूर, चैनपुर प्रखंड का अमांव गांव भादो मास की पहली सोमवारी पर पूरी तरह शिवमय नजर आया। वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा के तहत वाराणसी से गंगाजल लेकर पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने श्री दयाल नाथ स्वामी महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सोमवार की सुबह ब्रह्म मुहूर्त से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगने लगी थी। भक्त हाथों में गंगाजल और पूजा सामग्री लेकर बारी-बारी से शिवलिंग पर जल अर्पित करते रहे। इस दौरान मंदिर परिसर लगातार ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला।

NS News

वाराणसी से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरिए
मंदिर कार्यकर्ता बलदाऊ सिंह ने बताया कि अमांव में भादो की पहली सोमवारी पर वाराणसी से गंगाजल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने की परंपरा कई वर्षों से चली आ रही है। इस परंपरा में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से भी श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी कांवरियों का जत्था शनिवार को वाराणसी पहुंचा था। वहां से पवित्र गंगाजल लेकर श्रद्धालु सोमवार को अमांव पहुंचे और विधि-विधान के साथ श्री दयाल नाथ स्वामी महादेव का जलाभिषेक किया। मान्यता है कि मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

भीड़ को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस पदाधिकारी के साथ एक दर्जन से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहे। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से कतार में मंदिर के अंदर भेजकर जलाभिषेक कराया गया, जिससे भीड़ के बावजूद व्यवस्था बनी रही।

पहली सोमवारी पर मां काली की वार्षिक पूजा भी संपन्न
भादो की पहली सोमवारी के अवसर पर अमांव में भगवान शिव की वार्षिक पूजा की परंपरा भी निभाई गई। ग्रामीणों के सहयोग से रात्रि में भगवान शिव की पूजा-अर्चना धूमधाम से संपन्न हुई। धार्मिक आयोजन को लेकर गांव में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा। पूरे आयोजन को सफल बनाने में मंदिर के कार्यकर्ताओं गौतम सिंह, सरोज सिंह, रवि सिंह, दिवाकर सिंह, प्रभात सिंह, रोहित सिंह, चेलहा पटेल, बंशीधर सिंह, हृदय सिंह सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Exit mobile version