Home चैनपुर चैनपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 ग्राम...

चैनपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 ग्राम हेरोइन और इंजेक्शन के साथ तीन गिरफ्तार

चैनपुर में हेरोइन के साथ 3 गिरफ्तार, 45 पुड़िया और 4 नशीले इंजेक्शन बरामद

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मदुरना पहाड़ी के पास उस्मान कोठी के नजदीक हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने 45 पुड़िया हेरोइन, जिसका वजन करीब 7 ग्राम बताया गया है, बरामद की है। इसके अलावा एक आरोपी के पास से फेनिरामाइन मैलेट के चार इंजेक्शन भी मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मदुरना गांव निवासी स्वर्गीय दमरी सिंह के 43 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार, स्वर्गीय बाबूलाल यादव के 49 वर्षीय पुत्र सत्येंद्र यादव तथा उत्तर प्रदेश के चकिया थाना क्षेत्र के बोरवल गांव निवासी राम सुधार के 20 वर्षीय पुत्र जेपी के रूप में हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस, तीनों को अलग-अलग जगहों से दबोचा
पुलिस को सूचना मिली थी कि संजीत कुमार अपनी दुकान से शराब की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मदुरना पहाड़ी के समीप पहुंची। पुलिस को देखते ही संजीत दुकान से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन सशस्त्र बलों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। इसी दौरान पुलिस की नजर ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास खड़े सत्येंद्र यादव और पहाड़ी की तरफ जा रहे जेपी पर पड़ी। संदेह के आधार पर दोनों को भी हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।

दुकान और ट्रॉली से मिली हेरोइन की पुड़िया
तलाशी के दौरान संजीत कुमार की दुकान से 12 पुड़िया हेरोइन बरामद हुई। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी में 33 पुड़िया हेरोइन मिली। पुलिस के अनुसार बरामद कुल 45 पुड़िया का वजन लगभग 7 ग्राम है। पूछताछ के दौरान दोनों स्थानीय आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे रामरतन उर्फ चंबली सिंह से हेरोइन लेकर उसकी बिक्री करते थे।

जेपी के पास से चार नशीले इंजेक्शन बरामद
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए उत्तर प्रदेश निवासी जेपी की तलाशी लेने पर उसके पास से फेनिरामाइन मैलेट के चार इंजेक्शन बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष के अनुसार मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मेडिकल जांच के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

 

Exit mobile version