Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इसी दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सासाराम से चोरी की गई एक नीले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल जगरिया गांव में विकास कुमार गुप्ता के घर पर छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस सत्यापन के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक घबरा गया और वहां से भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक बाइक के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां से नीले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई। बाइक से जुड़े दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने बाइक को जब्त करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।
चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि सासाराम से चोरी कर लाई गई बाइक से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। मामले के सत्यापन और स्थानीय चौकीदार से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया गया तथा बरामद मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे भी मामले की जांच कर रही है कि बाइक चोरी की इस घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।



