Home सीतामढ़ी वर्दी का रौब दिखाकर रचता था शादी का जाल, तीन महिलाओं से...

वर्दी का रौब दिखाकर रचता था शादी का जाल, तीन महिलाओं से विवाह करने वाला फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार

सीतामढ़ी में फर्जी पुलिस अधिकारी गिरफ्तार, तीन शादियां कर लाखों की ठगी

Bihar: बिहार के सीतामढ़ी जिले में पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को धोखा देने वाले एक शातिर ठग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी कभी खुद को दरोगा, कभी इंस्पेक्टर तो कभी कांस्टेबल बताकर लोगों पर रौब जमाता था। फर्जी पुलिस पहचान पत्र के सहारे उसने न सिर्फ लोगों को ठगी का शिकार बनाया, बल्कि शादी को भी ठगी का जरिया बना लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अब तक तीन शादियां कर चुका था। मामले में सीतामढ़ी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. निराले, निवासी ग्राम भदई, थाना हथौड़ी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह अलग-अलग मौकों पर पुलिस अधिकारी और जवान बनकर अपनी पहचान बदलता था। वर्दी और फर्जी आईकार्ड दिखाकर वह लोगों का भरोसा जीतता और फिर उन्हें अपने जाल में फंसा लेता था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

फर्जी पुलिस पदाधिकारी
फर्जी पुलिस पदाधिकारी

दो महिलाओं ने कराया था 19 वर्षीय युवती से रिश्ता

मामले का खुलासा शहर थाना क्षेत्र के हरिकेश गांव की एक महिला की शिकायत के बाद हुआ। महिला ने पुलिस को बताया कि गांव की ही बचिया देवी और रामरती देवी उसके घर पहुंचीं। दोनों अपने साथ एक युवक को लेकर आई थीं और उसे पुलिस अधिकारी बताते हुए अपना रिश्तेदार बताया था। इसके बाद युवक ने भी खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए अपना पहचान पत्र दिखाया। उसने अपना घर मुजफ्फरपुर जिले के भदई में बताया। उसकी बातों और पुलिस अधिकारी की पहचान से प्रभावित होकर महिला ने अपनी 19 वर्षीय बेटी (काल्पनिक नाम सलोनी) की शादी उसके साथ तय कर दी। आखिरकार 24 सितंबर 2026 को दोनों की शादी करा दी गई। बाद में युवक की असलियत सामने आने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा।

फर्जी आईकार्ड में लिखा था चंदन महतो

पुलिस ने आरोपी के पास से एक फर्जी पुलिस पहचान पत्र बरामद किया है। इस आईकार्ड पर नाम चंदन महतो और पिता का नाम बबलू लिखा हुआ था। आरोपी इसी पहचान पत्र और पुलिस की वर्दी के सहारे खुद को डायल-112 का पुलिसकर्मी बताता था। जरूरत के अनुसार वह कभी दरोगा तो कभी इंस्पेक्टर और कांस्टेबल होने का दावा करता था।

एक्साइज की गाड़ी दिलाने के नाम पर 10.50 लाख की ठगी

शादी के नाम पर धोखाधड़ी के अलावा आरोपी पर सरकारी वाहन दिलाने के नाम पर भी बड़ी रकम हड़पने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, उसने खुद को एक्साइज अधिकारी बताकर सरोज महतो और राजू महतो को झांसे में लिया। दोनों को एक्साइज विभाग की गाड़ी दिलाने का भरोसा दिया गया था। इस बहाने आरोपी ने सरोज महतो से 4 लाख 50 हजार रुपये और राजू महतो से 6 लाख रुपये ले लिए। इस प्रकार दोनों से कुल 10 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की गई।

सहियारा थाना में दर्ज है मामला

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सहियारा थाना कांड संख्या 190/26 के तहत पुलिस की वर्दी और फर्जी पहचान पत्र के जरिए खुद को डायल-112 का पुलिसकर्मी बताकर शादी एवं दहेज के नाम पर ठगी करने के मामले में मो. निराले को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध जिले के कई थानों में भी मामले दर्ज हैं। फिलहाल उसकी गतिविधियों और अन्य ठगी की घटनाओं से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है।

 

Exit mobile version