Homeचैनपुररिश्वतखोरी के वायरल वीडियो ने पहुंचाया सलाखों तक: कैमूर में आवास सहायक...

रिश्वतखोरी के वायरल वीडियो ने पहुंचाया सलाखों तक: कैमूर में आवास सहायक गिरफ्तार, जांच में आरोप सही पाए गए

कैमूर: रिश्वतखोरी के वायरल वीडियो के बाद आवास सहायक चुनमुन पासवान गिरफ्तार, जांच में आरोप सही

Bihar: प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभुकों से कथित रूप से रिश्वत लेने के आरोपों के बीच कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड की सिरबिट पंचायत में पदस्थापित आवास सहायक चुनमुन पासवान को प्रशासन ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब एक माह पहले सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह लाभार्थियों से योजना का लाभ दिलाने के नाम पर नकद रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे थे। प्रारंभिक जांच के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और विस्तृत जांच पूरी होने पर आरोपों को सही पाते हुए गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) ने बताया कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद संबंधित आवास सहायक से स्पष्टीकरण मांगा गया था। साथ ही उनका पक्ष भी सुना गया और उपलब्ध कराए गए सभी साक्ष्यों की जांच की गई। जांच के दौरान उनके द्वारा प्रस्तुत दलीलें संतोषजनक नहीं पाई गईं। वीडियो में रुपये देने वाले व्यक्ति से भी पूछताछ की गई, जिसमें वीडियो की सत्यता की पुष्टि हुई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

इसके बाद डीडीसी के निर्देश पर भभुआ पुलिस ने चुनमुन पासवान को गिरफ्तार कर चैनपुर थाना के हवाले कर दिया। प्रशासन का कहना है कि जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की घूसखोरी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। वायरल वीडियो में आरोपी आवास सहायक बिना किसी हिचकिचाहट के लाभुकों से नोटों की गड्डी लेते हुए नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा शुरू हो गई थी। स्थानीय लोगों का दावा है कि वीडियो वर्ष 2025 की सर्दियों के दौरान बनाया गया था, क्योंकि आरोपी भारी जैकेट पहने हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की वास्तविकता की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही की गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है। उनका कहना है कि वास्तविक गरीब और पात्र परिवार रिश्वत देने में असमर्थ होने के कारण योजना से वंचित रह जाते हैं, जबकि आर्थिक रूप से सक्षम लोग पैसे के बल पर योजना का लाभ हासिल कर लेते हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि केवल सिरबिट पंचायत ही नहीं, बल्कि पूरे चैनपुर प्रखंड में आवास योजना के लाभार्थियों के चयन और आवंटन की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। चैनपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार आवास सहायक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments