Home नालंदा राजगीर में रहस्यमयी घटना: जैन धर्मशाला के एक कमरे से चार यात्रियों...

राजगीर में रहस्यमयी घटना: जैन धर्मशाला के एक कमरे से चार यात्रियों की मौत, जांच में जुटी पुलिस

राजगीर स्थित दिगंबर जैन धर्मशाला के एक कमरे से चार पर्यटकों के शव मिलने से हड़कंप

Bihar, नालंदा | राजगीर: पर्यटन नगरी राजगीर से शुक्रवार को एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रशासन को भी सकते में डाल दिया। दिगंबर जैन धर्मशाला के एक कमरे से लगातार दुर्गंध आने की शिकायत के बाद जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया, तो अंदर चार लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कमरे के भीतर दो पुरुष और दो महिलाओं के शव फंदे से लटके हुए पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे धर्मशाला परिसर को पुलिस ने अपने नियंत्रण में ले लिया और आसपास की गतिविधियों पर रोक लगा दी गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित कमरा बीते कुछ दिनों से अंदर से बंद था। धर्मशाला कर्मचारियों के अनुसार, 2 फरवरी के बाद से कमरे में किसी भी तरह की हलचल नहीं देखी गई थी। जब तेज बदबू फैलने लगी, तब मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक जैन समुदाय से जुड़े थे और धार्मिक उद्देश्य से 31 जनवरी को राजगीर पहुंचे थे। सभी के बेंगलुरु निवासी होने की बात सामने आ रही है। धर्मशाला के रजिस्टर में कमरा जी. आर. नाग प्रसाद के नाम से दर्ज है।

धर्मशाला इंचार्ज मुकेश जैन ने पुलिस को बताया कि चारों व्यक्तियों ने ठहरने के दौरान कोई पहचान पत्र जमा नहीं किया था। उन्होंने खुद को नेपाल की यात्रा करते हुए राजगीर आने की जानकारी दी थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया है। पुलिस द्वारा कमरे को सील कर दिया गया है और हर तरह के तकनीकी व भौतिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

थानाध्यक्ष रमन कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। वहीं डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि एफएसएल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतकों की आधिकारिक पहचान और मौत के कारणों को लेकर पुलिस सतर्कता के साथ आगे की कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version