Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मृतक की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के नौघरा गांव निवासी दिवंगत कलीमुद्दीन खान के पुत्र गुरफान खान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार गुरफान सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। बताया जा रहा है कि उसे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में इलाज के दौरान गुरफान की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना हो गई। हंगामे के दौरान अस्पताल के अन्य चिकित्सकों और कर्मचारियों ने सुरक्षा की मांग करते हुए कुछ समय के लिए अस्पताल का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल अस्पताल पहुंचा। पुलिस के हस्तक्षेप और समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि घायल युवक को भर्ती कर चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के तहत हरसंभव उपचार दिया गया, लेकिन उसकी गंभीर चोटों के कारण जान नहीं बचाई जा सकी।
अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अविनाश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हुई। इसके बाद कुछ लोगों ने मृतक के परिजनों के साथ मिलकर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक के साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि घटना के विरोध में अनुमंडलीय अस्पताल की सेवाएं एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। साथ ही मोहनिया थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल प्रशासन की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



