Home मोहनिया मोहनियां में पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, तीन पिकअप से 27 मवेशी...

मोहनियां में पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, तीन पिकअप से 27 मवेशी बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार

मोहनियां में पशु तस्करी पर कार्रवाई, 3 पिकअप से 27 मवेशी बरामद, 2 गिरफ्तार

Bihar: कैमूर, राष्ट्रीय राजमार्गों पर पुलिस की बढ़ती सख्ती के बीच पशु तस्करों ने अब ग्रामीण और नहर मार्गों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मोहनियां थाना पुलिस ने बुधवार की देर रात दुर्गावती मुख्य नहर पथ पर दसौंती गांव के समीप बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पिकअप वाहनों से 27 मवेशियों को बरामद किया। कार्रवाई के दौरान एक पिकअप के चालक और खलासी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य वाहनों के चालक और खलासी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के बबुरा गांव निवासी मो. सलीमुद्दीन के पुत्र मो. इमामुद्दीन और मनौअर कुरैशी के पुत्र अरमान कुरैशी के रूप में हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर जिले में पशु तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान बुधवार की मध्य रात्रि पुलिस को सूचना मिली कि तीन पिकअप वाहनों में मवेशियों को लादकर तस्कर दुर्गावती मुख्य नहर पथ से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दसौंती गांव के समीप घेराबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद तीन पिकअप वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो तीनों वाहनों में कुल 27 मवेशी लदे मिले। पुलिस के मुताबिक पिकअप वाहनों में मवेशियों को बेहद कम जगह में क्रूरतापूर्वक लादा गया था। बरामद मवेशियों में गाय और बछड़े शामिल हैं। पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही दो वाहनों में सवार तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे में भाग निकले। पुलिस ने तीनों पिकअप को जब्त कर लिया है।

वहीं एक वाहन के चालक और खलासी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ के बाद गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। दोनों फरार वाहनों के चालक और खलासी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के बाद तीनों जब्त पिकअप वाहनों को मोहनियां थाना लाया गया। मवेशियों को वाहनों से उतारकर सुरक्षित रखरखाव के लिए नुआंव पशु मेला के संचालक को सौंप दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से पशु तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

 

Exit mobile version