Home मुंगेर भूमि विवाद पर बवाल, कई राउंड गोलियां चलीं; एक युवक घायल, 22...

भूमि विवाद पर बवाल, कई राउंड गोलियां चलीं; एक युवक घायल, 22 गिरफ्तार

तीन कट्टे जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। जमीन पूर्व मुखिया प्रतिनिधि के पेट्रोल पंप के पास स्थित है और मामला फिलहाल कोर्ट में लंबित है।

हाथ में बंदूक लेकर गोली चलाते हुए।

Bihar, मुंगेर: जिले के सफियासराय थाना क्षेत्र के सिंघिया पंचायत अंतर्गत महमदपुर फरदा गांव में शनिवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद के दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलीं और जमकर पत्थरबाजी भी हुई। घटना में अंकुश कुमार (20) नामक युवक के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घायल अंकुश

विवाद की पृष्ठभूमि

जानकारी के अनुसार, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि जमाल मलिक उर्फ बबलू मल्लिक और फरदा टोला निवासी दशरथ यादव के बीच तीन कट्टे जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। जमीन पूर्व मुखिया प्रतिनिधि के पेट्रोल पंप के पास स्थित है और मामला फिलहाल कोर्ट में लंबित है।
दो दिन पूर्व एक पक्ष ने आरोप लगाया था कि विरोधी गुट विवादित भूमि पर घेराबंदी कर रहा है, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना बुलाकर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद शनिवार को माहौल बिगड़ गया और देखते ही देखते पत्थरबाजी और फायरिंग शुरू हो गई।

देखिए वीडियो

घटना और अफरा-तफरी

ग्रामीणों का दावा है कि दोनों तरफ से 40 से अधिक राउंड फायरिंग हुई। हालांकि पुलिस ने इतने राउंड गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। गोली लगने से घायल अंकुश कुमार ने बताया कि वह दिल्ली से घर लौटा था और गंगा स्नान के बाद वापस लौटते समय अचानक चली गोली उसके पैर में लग गई।

हिंसा के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने फरदा के पास लखीसराय–मुंगेर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर एसपी सैयद इमरान मसूद, एसडीपीओ अभिषेक आनंद सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने अब तक दोनों पक्षों से 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। पूर्व मुखिया प्रतिनिधि जमाल मलिक के लाइसेंसी हथियार को भी जब्त कर लिया गया है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारी की तैनाती कर दी गई है।

एसपी का बयान

एसपी सैयद इमरान मसूद ने कहा कि, “घटना पूरी तरह से भूमि विवाद से जुड़ी है। पत्थरबाजी और फायरिंग हुई है, जिसमें एक युवक घायल हुआ है। पुलिस ने 22 लोगों को गिरफ्तार किया है और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य की पहचान की जा रही है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। लोगों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की सूचना सीधे पुलिस को दें।”

वर्तमान स्थिति

फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है और पुलिस कैंप कर रही है। सुरक्षा के लिहाज से इलाके में सख्ती बरती जा रही है।

Exit mobile version