Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घायल युवक की पहचान निरंजनपुर गांव निवासी संजय राम के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुजीत कुमार किसी निजी काम से बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सिरसी गांव के पास तेज गति से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सड़क पर दूर जा गिरी और युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया। भभुआ में भी हालत चिंताजनक बनी रहने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेज दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का कहना है कि भारतमाला परियोजना में लगे डंपर बेलगाम तरीके से सड़कों पर दौड़ रहे हैं और आम लोगों की जान जोखिम में पड़ गई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लगे कई डंपर ओवरलोड मिट्टी लेकर तेज रफ्तार में गांवों से गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे हादसों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार डंपरों पर रोक नहीं लगाई गई तो लोग सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



