कैमूर (भभुआ): शनिवार को भभुआ नगर परिषद सभागार में आयोजित विशेष बोर्ड बैठक हंगामेदार रही। शहर की सफाई व्यवस्था, खराब स्ट्रीट लाइट और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों के बीच जमकर बहस हुई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद सभापति विकास तिवारी उर्फ बबलू तिवारी ने की। इस दौरान सासाराम लोकसभा सांसद मनोज कुमार और भभुआ विधायक भरत बिन्द विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय, उपसभापति रबिता पटेल, सभी वार्ड पार्षद एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सफाई और लाइट बना मुख्य मुद्दा
बैठक में वार्ड पार्षदों ने शहर के विभिन्न मोहल्लों में नियमित सफाई नहीं होने और कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब रहने की शिकायत उठाई। उनका कहना था कि बुनियादी सुविधाओं में कमी के कारण आम लोग परेशान हैं और नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
EO पर संवादहीनता का आरोप
वार्ड संख्या 24 के पार्षद परमानंद केशरी ने कार्यपालक पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में संवाद नहीं किया जाता। उन्होंने यहां तक कहा कि उनका मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है, जिससे समस्याओं पर चर्चा संभव नहीं हो पा रही।
अन्य पार्षदों ने भी आरोप लगाया कि विकास योजनाओं में जनप्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लिया जाता। सभापति विकास तिवारी ने भी कहा कि कई स्वीकृत योजनाओं की जानकारी उन्हें भी समय पर नहीं दी जाती।
सांसद और विधायक की नसीहत
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद मनोज कुमार ने सभी पदाधिकारियों और पार्षदों से सौहार्द और समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर का समुचित विकास तभी संभव है जब प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर काम करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगली बैठक में सभी लंबित मुद्दों की समपुष्टि कर ठोस समाधान निकाला जाएगा।
वहीं विधायक भरत बिन्द ने भी नगर की समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विशेष अभियान चलाने पर सहमति
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि शहर में सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अंत में सभापति ने सभी से सकारात्मक माहौल में कार्य करने की अपील करते हुए भभुआ को स्वच्छ और सुव्यवस्थित नगर बनाने का संकल्प दोहराया।



