कैमूर | मोहनियां: थाना क्षेत्र के बेलौड़ी गांव में शुक्रवार शाम एक सामाजिक कार्यकर्ता की स्कॉर्पियो पर पथराव और गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में 18 लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार, भभुआ थाना क्षेत्र के सिकठी गांव निवासी उत्तम पटेल शुक्रवार को बेलौड़ी गांव में अपने मित्र उपेंद्र कुशवाहा के गृह प्रवेश भोज में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय भोज स्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर उनकी नई काले रंग की स्कॉर्पियो को 100 से अधिक लोगों की भीड़ ने घेर लिया। आरोप है कि भीड़ के हाथों में लाठी-डंडे और हथियार थे।
हमलावरों ने वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। चालक द्वारा वाहन निकालने का प्रयास करने पर पीछे से गोली चलाई गई, जिससे गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार करीब आधा दर्जन लोग बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तम पटेल के समर्थक बड़ी संख्या में मोहनियां के चांदनी चौक पहुंच गए और मुंडेश्वरी गेट के समीप वाहन खड़ा कर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों सर्विस लेन और मोहनियां-भभुआ मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर मोहनियां थाना अध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। समर्थक कैमूर पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। एसपी के निर्देश पर भभुआ डीएसपी मनोरंजन भारती मौके पर पहुंचे। कुदरा सहित अन्य थानों की पुलिस भी तैनात की गई। दोषियों पर सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।
इसके बाद उत्तम पटेल समर्थकों के साथ मोहनियां थाना पहुंचे और आवेदन देकर 18 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया। अपने आवेदन में उन्होंने स्वयं को हिंदूवादी संगठन कैमूर का जिला प्रमुख बताते हुए कहा कि वे पूर्व में चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके हैं और गो-तस्करी के खिलाफ सक्रिय रहे हैं। मामले पर मोहनियां के डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।