Bihar/Kaimur : Chainpur कैमूर जिले से बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां चैनपुर थाना क्षेत्र के मदुरना गांव में जहरीले पौधे का बीज खाने से 8 मासूम बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सभी बच्चों को पहले चैनपुर पीएचसी और फिर बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बताया जा रहा है कि आज सुबह करीब 11:30 बजे मदुरना गांव के कई बच्चे एक साथ खेल रहे थे। खेल-खेल में सभी बच्चे गांव के पूरब दिशा में स्थित पोखरा के पास पहुंच गए, जहां उन्होंने डीजल के पौधे का बीज बादाम समझकर खा लिया। इसके बाद सभी बच्चे अपने-अपने घर लौट आए।
करीब दो घंटे बाद बच्चों को एक-एक कर उल्टी, बेचैनी और कमजोरी महसूस होने लगी। बच्चों की हालत बिगड़ते देख परिजनों में हड़कंप मच गया और गांव में चीख-पुकार की स्थिति बन गई।
इलाज के लिए बच्चों को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन सोमारु कुमार ने बताया कि बच्चों ने अनजाने में जहरीला बीज खा लिया था। हालत बिगड़ने पर सभी बच्चों को पहले चैनपुर पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
भभुआ सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. त्रिभुवन ने बताया कि मदुरना गांव से लाए गए सभी 8 बच्चे आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले हैं। परिजनों के अनुसार बच्चों ने डीजल के पौधे का बीज खा लिया था।
डॉक्टर ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से सभी बच्चे अब खतरे से बाहर हैं, फिलहाल सभी का इलाज निगरानी में किया जा रहा है।
घटना में बीमार पड़े बच्चों में— लुटन राम की 8 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी, पिंटू राम की 4 वर्षीय पुत्री लाडो कुमारी, पिंटू राम की 7 वर्षीय पुत्री ट्विंकल कुमारी, प्रविण कुमार का 8 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार, दुलारचंद राम का पुत्र अभिषेक कुमार
सोमारु कुमार का पुत्र कृष कुमार, आशीर्वाद कुमार (उम्र कम) शामिल हैं।
सदर अस्पताल में सभी बच्चों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर बताई जा रही है।