Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अमर लड़की से मिलने गांव पहुंचा था। दोनों को साथ देख परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और कथित रूप से खूंटे से बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर बौंसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को रानीगंज अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। बाद में पूर्णिया के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। बौंसी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बुधवार को पुलिस गांव में कैंप कर स्थिति पर नजर रखे हुए थी। गांव में घटना के बाद सन्नाटा पसरा रहा और लोग खुलकर कुछ भी कहने से बचते दिखे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक और नाबालिग के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। मंगलवार को दोनों रानीगंज गए थे और घूमने के बाद युवक लड़की को बाइक से गांव छोड़ने आया था। इसी दौरान परिजनों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम नरपतगंज थाना पुलिस की देखरेख में कराया जा रहा है। इधर पोस्टमार्टम स्थल पर पहुंचे मृतक के मामा शंकर दास ने बताया कि अमर तीन बहनों और एक भाई में था। वह इंटर पास था और मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।