Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
घायलों की पहचान कुदरा बाजार निवासी नंदलाल रस्तोगी और उनके पुत्र आदित्य रस्तोगी के रूप में की गई है। बताया जाता है कि किसी आर्थिक लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने चाकू निकालकर पिता-पुत्र पर वार कर दिया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप किया और दोनों घायलों को उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक इलाज किया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हमला करने के बाद आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से उसे पकड़ लिया गया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु पाठक के रूप में हुई है, जो जिले के धवपोखर गांव निवासी सुदामा पाठक का पुत्र बताया गया है। कुदरा थानाध्यक्ष नंदू कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।