
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मृतका के भाई रामलखन कुमार, निवासी जिगीनपुर थाना भभुआ, ने चैनपुर थाने में दिए गए फर्द बयान में आरोप लगाया है कि उसकी बहन की मौत के पीछे पड़ोस के युवक मनोहर पासवान का दबाव जिम्मेदार है। रामलखन कुमार के मुताबिक, करीब पांच वर्ष पूर्व रजवंती की शादी हिंदू रीति-रिवाज से भदौरा निवासी अनिल बिंद के साथ हुई थी। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले रजवंती पड़ोस के युवक मनोहर पासवान के साथ घर छोड़कर चली गई थी। उस दौरान चैनपुर थाने में मामला दर्ज कराया गया था। बाद में पुलिस ने महिला को बरामद कर उसके पति को सौंप दिया था, जिसके बाद वह दोबारा ससुराल में रहने लगी थी।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद भी मनोहर पासवान लगातार रजवंती पर घर छोड़कर फिर साथ चलने का दबाव बना रहा था। इसी तनाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। भाई ने अपने बयान में कहा कि 15 मई 2026 की सुबह करीब 8:40 बजे ससुराल पक्ष से फोन कर सूचना दी गई कि रजवंती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिजनों का आरोप है कि लगातार मानसिक दबाव के चलते विवाहिता ने यह कदम उठाया। इधर, मामले को लेकर चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के भाई के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



