Bihar, कैमूर: कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में हुए युवक की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग और साजिश की चौंकाने वाली कहानी सामने आई है। प्रेमिका ने अपने प्रेमी की हत्या की सुपारी दी थी, लेकिन अपराधियों ने गलत पहचान के चलते निर्दोष युवक को गोली मार दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मामले का खुलासा करते हुए कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने भगवानपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 21 जनवरी की शाम भगवानपुर बाजार में चांद थाना क्षेत्र के करवनिया गांव निवासी सुशील चौरसिया की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के पिता के बयान पर भगवानपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की। भगवानपुर बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई। जांच के दौरान एक नाबालिग को विधि विरुद्ध निरुद्ध किया गया, जबकि एक युवती समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में — सुहेल खान (निवासी सिकंदरपुर, थाना चैनपुर), आशीष पांडे (निवासी धोबहां, थाना चांद), सृष्टि कुमारी (निवासी भगवानपुर) शामिल हैं।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
पूछताछ में अभियुक्त सुहेल खान ने बताया कि उसकी सृष्टि कुमारी से करीब छह माह पूर्व पहचान हुई थी। सृष्टि का पहले से ही उसके घर के सामने रहने वाले युवक प्रेम पासी से प्रेम संबंध था। सृष्टि की शादी तय हो जाने के बाद प्रेम पासी उसे शादी न करने देने की धमकी दे रहा था और ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे वह काफी परेशान थी।
इसी तनाव में सृष्टि कुमारी ने सुहेल खान से संपर्क कर प्रेम पासी की हत्या कराने की बात कही। सुहेल खान सृष्टि को बहन की तरह मानता था, लेकिन बार-बार फोन और दबाव के चलते उसने इस साजिश में शामिल होना स्वीकार कर लिया। घटना से पहले प्रेम पासी की हत्या के तीन प्रयास किए गए, लेकिन वे सभी असफल रहे।
कैसे हुई निर्दोष युवक की हत्या
घटना के दिन सुहेल खान और आशीष पांडे मोटरसाइकिल से भगवानपुर पहुंचे। एक नाबालिग बालक लाइनर की भूमिका में था, जो प्रेम पासी की लोकेशन दे रहा था। प्रेम पासी अपनी बाइक मुन्ना मिस्त्री की दुकान के सामने खड़ी कर दुकान के अंदर चला गया।
इसी दौरान ठंड से बचने के लिए मृतक सुशील चौरसिया मफलर लपेटकर उसी बाइक के पास खड़ा हो गया। अपराधियों ने उसे ही प्रेम पासी समझ लिया और गोली मार दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी भभुआ-दतियांव मार्ग से फरार हो गए।
पुलिस ने किए अहम बरामदगी
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि यह मामला बेहद पेंचीदा और गंभीर था, लेकिन पुलिस टीम की कड़ी मेहनत और गहन अनुसंधान से इसका सफल खुलासा किया गया है। जांच टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किए जाने की अनुशंसा की जाएगी।



