Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के चोपन निवासी संतलाल के 26 वर्षीय पुत्र लाल देव कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लाल देव कुमार करीब एक सप्ताह पहले परसिया गांव निवासी सुनील कुमार शर्मा के यहां धान की कटाई करने के लिए आया था। वह अन्य मजदूरों के साथ खेतों में कटनी का काम कर रहा था। बताया जाता है कि शुक्रवार की देर रात अचानक उसके पेट में तेज दर्द होने लगा। तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल चैनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. श्याम कांत ने स्वास्थ्य जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शनिवार की सुबह करीब 10 बजे परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
मामले की सूचना मिलने पर भभुआ थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मजदूर की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।



