Home चैनपुर धान रोपने खेत जा रही 18 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप,...

धान रोपने खेत जा रही 18 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध पर मारपीट; पुलिस जांच में जुटी

कैमूर में किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध पर मारपीट; पुलिस जांच में जुटी

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में धान की रोपनी के लिए खेत जा रही 18 वर्षीय किशोरी के साथ छेड़छाड़ और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद किशोरी की मां ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर गांव के ही एक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने युवक पर अपनी पुत्री के साथ छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पीड़िता की मां द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, उनकी 18 वर्षीय पुत्री गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में धान की रोपनी करने के लिए जा रही थी। इसी दौरान गांव के पोखरा के समीप एक युवक ने उसे कथित रूप से रोक लिया। आरोप है कि युवक ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। किशोरी ने जब इसका विरोध किया तो युवक द्वारा उसके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान किशोरी ने शोर मचाया, जिसकी आवाज सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंचीं। मां को आते देख आरोपी युवक वहां से भाग निकला।

महिला ने अपने आवेदन में आगे बताया है कि घटना के बाद वह मामले की शिकायत लेकर आरोपी युवक के घर पहुंचीं। आरोप है कि वहां उनके साथ भी गाली-गलौज की गई। इसके बाद महिला ने चैनपुर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दी। मामले को लेकर चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: पुलिस जांच पूरी होने से पहले आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। खबर में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के आवेदन के आधार पर हैं।

Exit mobile version