Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गावती ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर किया गया। सदर अस्पताल पहुंचते ही रंजीत कुमार, पिता निर्मल सिंह की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल अभिषेक कुमार, पिता धनंजय पांडेय को भी बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे में कुंदन कुमार, आदित्य कुमार और अक्षय कुमार घायल हुए हैं। सभी अरवल जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सभी अपनी निजी कार से विश्वनाथ जी का दर्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान चिपली के पास कार ट्रक से टकरा गई। दूसरा हादसा कुल्हड़ियां गांव के समीप हुआ। यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार उमानन्द कुमार की मौत हो गई। मृतक रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र अंतर्गत तकिया गांव के रहने वाले बताए गए हैं। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई। दुर्घटना किस वाहन से हुई, इसका पता लगाया जा रहा है।
वहीं शनिवार रात डिड़खिली टोल प्लाजा के पास तीसरा और सबसे भीषण हादसा हुआ। मार्बल लदे ट्रेलर और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद टेंपो ट्रेलर के नीचे बुरी तरह फंस गया। हादसे में टेंपो सवार अक्षय कुमार, पिता प्रमोद खरवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मन्नू खरवार और वृजेश बिंद घायल हो गए। तीनों रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के समहुता गांव के निवासी बताए जाते हैं। टेंपो को ट्रेलर के नीचे से निकालने में करीब ढाई घंटे तक राहत और बचाव अभियान चलाना पड़ा। तीन क्रेन की मदद से टेंपो को बाहर निकाला गया, जिसके बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल मन्नू खरवार की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू, वाराणसी रेफर कर दिया। एक ही दिन में हुई इन दुर्घटनाओं ने एनएच-19 और आसपास के प्रमुख मार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी हादसों के कारणों की जांच में जुटी है।