कार्रवाई के समय कंपनी के अधिकृत अधिवक्ता राजन द्विवेदी अपनी चार सदस्यीय टीम के साथ मौजूद थे। इसके अलावा कोर्ट द्वारा नियुक्त लोकल कमिश्नर अधिवक्ता हिमांशु सेहरा भी मौके पर पहुंचे और उनकी निगरानी में जब्ती और सीलिंग की पूरी प्रक्रिया पूरी की गई। अहमदाबाद से पहुंचे एनर्जी बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड के एरिया सेल्स मैनेजर विवेकानंद ओझा ने बताया कि करीब एक साल पहले कंपनी को सूचना मिली थी कि कैमूर के भभुआ में उनके ब्रांड के नाम पर नकली पानी बनाया और बेचा जा रहा है। आरोप है कि असली कंपनी के उत्पाद को बाजार में दबाकर कम कीमत में नकली पानी बेचा जा रहा था, जिससे लोगों को गुमराह किया जा रहा था।Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस मामले को लेकर कंपनी ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में केस दर्ज कराया था। करीब एक साल बाद कोर्ट के आदेश पर यह छापेमारी की गई। बताया गया कि यह यूनिट मंजू देवी के नाम पर संचालित थी, जिसे धीरज इंटरप्राइजेज के नाम से चलाया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में खाली बोतलें, लेबल और स्टीकर बरामद किए गए, जिनकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। सभी सामान को जब्त कर फैक्ट्री को पुलिस की मौजूदगी में सील कर दिया गया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।



