Home चैनपुर तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 11 घायल; 9 की हालत गंभीर,...

तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, 11 घायल; 9 की हालत गंभीर, रेफर

कैमूर में बड़ा सड़क हादसा: तेज रफ्तार पिकअप पलटी, 11 घायल, 9 की हालत गंभीर

Bihar | कैमूर: कैमूर जिले से एक बड़ी सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। चैनपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप वाहन साइड लेने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उस पर सवार करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में नौ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जबकि दो घायलों का इलाज चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

चैनपुर सड़क दुर्घटना

घायलों की पहचान

घटना में घायल लोगों में दुर्गावती थाना क्षेत्र के ग्राम मरहिया निवासी— 34 वर्षीय गुड़िया देवी (पति: छोटन मुसहर), 38 वर्षीय मनोज मुसहर (पिता: राम किशुन मुसहर), 7 वर्षीय चंदा कुमारी (पिता: मनोज मुसहर), 35 वर्षीय सुमन देवी (पति: मनोज मुसहर), 12 वर्षीय अनारकली (पिता: जमुना मुसहर), 8 वर्षीय संतरा कुमारी (पिता: जमुना मुसहर), 35 वर्षीय कलावती देवी (पति: जमुना मुसहर), 42 वर्षीय हजारी मुसहर (पिता: राम किशुन मुसहर), 40 वर्षीय सरोज देवी (पति: हजारी मुसहर), 60 वर्षीय तेतरा देवी (पति: राम किशुन मुसहर)

इसके अलावा मनोज मुसहर के साले वीरेंद्र मुसहर की 8 वर्षीय पुत्री गौरी कुमारी, ग्राम कूड़ासन, भी घायल है। सभी घायलों में गुड़िया देवी की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा

घायलों ने बताया कि सभी लोग ग्राम कूड़ासन धान काटने गए थे। काम के बाद पिकअप वाहन पर धान लोड कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रुपिन और मसोई गांव के बीच, एक दस चक्का डंपर से साइड लेने के क्रम में पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई

चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य प्रबंधक अजय कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना काफी गंभीर है। केवल दो घायलों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य को गहरी चोटें लगी हैं। सभी गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भभुआ सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

वहीं चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को चैनपुर सीएचसी लाया गया, जहां से उन्हें रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

निर्माण कार्य बना हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि वाराणसी–रांची–कोलकाता एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जो ग्राम मसोई के पास से गुजरता है। निर्माण कंपनी द्वारा सड़क किनारे मटेरियल स्टोर बनाए जाने और भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण वहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। मुख्य मार्ग पर एक तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। इसी अव्यवस्था के बीच यह दर्दनाक हादसा हुआ।

Exit mobile version