Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस की टीम रात्रि गश्ती पर थी। इसी दौरान पुलिस वाहन लखमनपुर मोड़ के समीप मौजूद था। तभी लखमनपुर की ओर से तेज रफ्तार में एक होंडा शाइन बाइक आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने बाइक चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस ने सशस्त्र बलों की मदद से बाइक सवार को पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरता देख चालक मोटरसाइकिल छोड़कर अंधेरे में भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने बाइक पर लदे सामान की तलाशी ली तो तीन बोरों में रखी ग्लोबस स्पिरिट्स कंपनी की 25 पेटी देसी शराब बरामद हुई।
जांच के दौरान प्रत्येक पेटी में 45 टेट्रा पैक पाए गए। इस प्रकार कुल 1125 टेट्रा पैक शराब बरामद हुई। प्रत्येक पैक 200 एमएल का था, जिसके आधार पर जब्त शराब की कुल मात्रा 225 लीटर आंकी गई। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शराब और तस्करी में प्रयुक्त होंडा शाइन बाइक को जब्त कर लिया है। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन स्वामी और अज्ञात चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



