Homeमोहनियातंत्र-मंत्र के नाम पर 9 लाख के जेवर हड़पे, बीमार मामा को...

तंत्र-मंत्र के नाम पर 9 लाख के जेवर हड़पे, बीमार मामा को ठीक करने का दिया झांसा; पिता-पुत्र गिरफ्तार

मोहनिया में तंत्र-मंत्र के नाम पर 9 लाख की ठगी, पिता-पुत्र गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के मोहनिया में अंधविश्वास का फायदा उठाकर एक महिला से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के जरिए उसके बीमार मामा को ठीक करने का भरोसा देकर पिता-पुत्र ने करीब 9 लाख रुपये के आभूषण अपने कब्जे में ले लिए और मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद मोहनिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के छेवरी गांव निवासी ईश्वर दयाल यादव और उसके पुत्र अर्जुन कुमार के रूप में हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मामला मोहनिया थाना क्षेत्र के स्टूवरगंज से जुड़ा है। ठगी की शिकार महिला की पहचान वार्ड संख्या सात निवासी पप्पू पासवान की पत्नी अंजली देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि अंजली देवी के मामा की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी। इसी दौरान महिला के मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने दावा किया कि तंत्र-मंत्र और हवन के जरिए उसके मामा को ठीक किया जा सकता है। इसके लिए उसके आभूषणों पर विशेष हवन कराने की बात कही गई। महिला उनकी बातों में आ गई और झांसे में आकर आभूषण देने के लिए तैयार हो गई। गुरुवार को ईश्वर दयाल यादव और उसका पुत्र अर्जुन कुमार मोहनिया पहुंचे। दोनों ने महिला से आभूषण मंगवाए। इसके बाद महिला ने पड़ोस की एक लड़की के हाथ मोहनिया स्थित होटल कमता सिंहासन के समीप करीब 9 लाख रुपये मूल्य के आभूषण भेज दिए।

आभूषण लेने के बाद पिता-पुत्र ने लड़की को दो जंतर दिए और कहा कि इसे बीमार व्यक्ति को पहना देने से वह ठीक हो जाएगा। इसके बाद दोनों आभूषण लेकर वहां से निकल गए। कुछ देर बाद जब महिला ने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनके मोबाइल फोन बंद मिले। तब महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उसने इसकी शिकायत पुलिस से की। शिकायत मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और गुरुवार की रात छेवरी गांव में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके घर से कुछ आभूषण भी बरामद किए हैं। मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि अंधविश्वास का सहारा लेकर लोगों को झाड़-फूंक, भूत-प्रेत और तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे झांसे में आने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments