Bihar, डेहरी ऑन सोन: रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेशन रोड सब्जी मंडी के समीप उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद लाल रंग के ट्रॉली बैग से करीब 15 वर्षीय अज्ञात किशोरी का शव बरामद किया गया। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में इस सनसनीखेज वारदात से पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को कुछ बच्चे स्टेशन रोड सब्जी मंडी के पास कूड़ा-कचरा चुन रहे थे, इसी दौरान एक ट्रॉली बैग से बदबू आने पर उन्हें शक हुआ। जब बच्चों ने बैग को हिलाया तो अंदर कुछ भारी होने का अहसास हुआ। इसके बाद बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डेहरी थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी और अंचल निरीक्षक रवि भूषण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घटनास्थल पर हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब दो घंटे बाद एफएसएल एक्सपर्ट प्रभात कुमार अपनी टीम के साथ पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनज़र ट्रॉली बैग को चारों ओर से पर्दा लगाकर घेर लिया गया और पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ ट्रॉली बैग को खोला गया।
जैसे ही ट्रॉली बैग खोला गया, उसमें लगभग 15 वर्षीय किशोरी का नग्न अवस्था में शव मिलने से सभी सन्न रह गए। शव की हालत देखकर पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को ट्रॉली बैग में भरकर यहां फेंके जाने की आशंका जताई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल सासाराम पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल बोर्ड के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
इस संबंध में प्रभारी एसडीपीओ सह साइबर डीएसपी गौरव कुमार यादव ने बताया कि स्टेशन रोड सब्जी मंडी के पीछे एक बंद ट्रॉली बैग से लगभग 15 वर्षीय अज्ञात किशोरी का शव बरामद हुआ है। घटनास्थल पर थानाध्यक्ष और एफएसएल टीम द्वारा वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। किशोरी के हुलिए के आधार पर विभिन्न थानों से गुमशुदा की जानकारी ली जा रही है। शव की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है।
फिलहाल किशोरी की शिनाख्त नहीं हो सकी है, न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि वह शादीशुदा थी या नहीं। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है और लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।