Bihar, डेहरी ऑन सोन: डेहरी नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित सब्जी मंडी के पास ट्रॉली बैग में मिले महिला के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मृतका की पहचान हो चुकी है और इस जघन्य हत्या के आरोप में पति समेत पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान करीब 25 वर्षीय मैरून खातून के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बटघी गांव की रहने वाली थी। मैरून खातून की शादी 5 नवंबर 2022 को डेहरी के जक्की बिगहा निवासी मोहम्मद क्यामुद्दीन अंसारी से हुई थी।
अवैध संबंध के विरोध पर हत्या का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि क्यामुद्दीन अंसारी का उसकी मामी की बहन के साथ अवैध संबंध था, जिसका मैरून खातून लगातार विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के चलते मैरून खातून की हत्या कर दी गई और उसके शव को ट्रॉली बैग में भरकर सब्जी मंडी के पास कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया।
भागने की झूठी कहानी गढ़ी
परिजनों ने बताया कि घटना से एक रात पहले क्यामुद्दीन ने फोन कर यह सूचना दी थी कि मैरून खातून घर से भाग गई है। इसके बाद मायके वाले उसका इंतजार करते रहे, लेकिन अगले दिन ट्रॉली बैग से महिला का शव मिलने की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में हुई पहचान
घटना की सूचना मिलने पर मृतका की मां समेत अन्य परिजन देर शाम सासाराम पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां शव की पहचान मैरून खातून के रूप में की गई। इसके बाद परिजनों ने पति और उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया।
पहले भी परिवार में हो चुकी है हत्या
परिजनों ने यह भी बताया कि क्यामुद्दीन अंसारी के परिवार में इससे पहले भी हत्या की घटना सामने आ चुकी है। क्यामुद्दीन की मां की बेरहमी से उसके ही देवर द्वारा हत्या की गई थी, जिससे परिवार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
पुलिस का बयान
इस मामले में एसपी रौशन कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान मैरून खातून के रूप में हुई है। परिजनों के फर्दबयान के आधार पर, पति क्यामुद्दीन अंसारी, पति का चाचा अशरफ शेख मंसूरी, पति का भाई राजू शेख मंसूरी, पति की बहन रशीदा खातून, पति का मामा इरफान आलम, को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि नामजद आरोपियों में से राजू शेख मंसूरी और इरफान आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।