Homeचांदजुआ के अड्डे पर छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला, PSI समेत...

जुआ के अड्डे पर छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला, PSI समेत 4 जवान घायल; 19 गिरफ्तार, 27 नामजद और 50 अज्ञात पर FIR

कैमूर: जुआ के अड्डे पर पुलिस पर हमला, PSI समेत 4 जवान घायल, 19 गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र के कुड्डी पंचायत अंतर्गत चंदौस गांव में सोमवार की रात जुआ खेलने की सूचना पर पहुंची पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ने की कार्रवाई के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया, जिसमें पीएसआई करण कुमार समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से स्थिति पर काबू पाया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं और 15 पुरुषों सहित कुल 19 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

जुआ की सूचना पर गांव पहुंची थी पुलिस टीम

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे चांद पुलिस को चंदौस गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के लिए पीएसआई करण कुमार तीन अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गांव पहुंचे थे। पुलिस टीम ने मौके पर जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के साथ पुलिस की कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीएसआई सहित चार पुलिसकर्मी जख्मी

हमले में पीएसआई करण कुमार, सिपाही अमन कुमार (26 वर्ष), पिंटू कुमार (26 वर्ष) और रविकांत राय (28 वर्ष) घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांद ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।

19 गिरफ्तार, 77 लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं और 15 पुरुषों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार पुरुषों में धर्मा बिंद, वीरू बिंद, जमुना प्रसाद, मुनि और नंदू सेठ सहित अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल 27 लोगों को नामजद और 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी 19 आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।

एसडीपीओ ने थाना पहुंचकर संभाला मोर्चा

पुलिस पर हमले की सूचना मिलते ही एसडीपीओ ओमप्रकाश भारी संख्या में पुलिस बल के साथ चांद थाना पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और पूरे मामले की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी लगाए आरोप

घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में सादे लिबास में पुलिसकर्मी गांव पहुंचकर जुआ खेलने वालों से रुपये छीनकर चले जाते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। हालांकि, ग्रामीणों द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

क्या कहते हैं एसडीपीओ

एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि चंदौस गांव में जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी। पुलिस को यह सूचना भी मिली थी कि जुआ खेलने के दौरान महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। जुआ खेलने वालों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई के दौरान लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मामले में चार महिलाओं और 15 पुरुषों सहित 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुल 27 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments