Homeभोजपुरजादू-टोना के शक ने ली अधेड़ की जान, दो पक्षों की हिंसक...

जादू-टोना के शक ने ली अधेड़ की जान, दो पक्षों की हिंसक झड़प में पिता की मौत, बेटा गंभीर घायल

जादू-टोना के आरोप में हिंसा, भोजपुर के अगिआंव बाजार में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या

Bihar, आरा | भोजपुर: जिले के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत अगिआंव बाजार अनुसूचित जाति टोला में सोमवार की सुबह जादू-टोना के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लाठी-डंडे से हुई मारपीट में एक अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतक की पहचान 57 वर्षीय इन्द्रचन्द राम के रूप में हुई है। वे अगिआंव बाजार निवासी मोतीचूर राम के पुत्र थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार की सुबह जादू-टोना करने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों से जमकर प्रहार किया गया।

मारपीट में इन्द्रचन्द राम गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मृतक का पुत्र भी इस हमले में बुरी तरह घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही अगिआंव बाजार थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, झड़प में दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को भी चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जादू-टोना को लेकर विवाद चल रहा था।
थानाध्यक्ष शैलेश्वर कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास के कारण समाज में पनप रही हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments