Homeजमुईजमुई छात्रा कांड में नया खुलासा: वारदात से पहले भी छात्र-छात्रा से...

जमुई छात्रा कांड में नया खुलासा: वारदात से पहले भी छात्र-छात्रा से हुई थी बदसलूकी, फोन कर बुलाया गया था मुख्य आरोपित

जमुई छात्रा कांड में नया खुलासा, पहले भी हुई थी बदसलूकी; 8 गिरफ्तार

Bihar: जमुई के मड़वा पहाड़ के समीप दसवीं कक्षा की छात्रा और उसके साथ मौजूद छात्र के साथ हुई कथित दरिंदगी के मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, घटना को लेकर नए तथ्य सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य घटना से कुछ समय पहले भी छात्र-छात्रा को रास्ते में कुछ युवकों ने रोककर कथित रूप से बदसलूकी की थी। बताया जा रहा है कि दोनों किसी तरह वहां से निकल गए, जिसके बाद आरोपितों ने फोन के जरिए मुख्य आरोपित नंदन यादव को मौके पर बुलाया। ग्रामीणों के अनुसार, 19 सितंबर की शाम छात्र-छात्रा फोटोशूट के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर परेशान करना शुरू कर दिया। दोनों वहां से निकलने में सफल रहे, लेकिन आरोप है कि युवकों ने अपने एक साथी को फोन कर घटनास्थल की जानकारी दी। इसके बाद नंदन यादव अपने साथी हरेराम यादव के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद छात्र के साथ मारपीट की गई और छात्रा को जबरन ले जाने की कोशिश की गई। घटना से जुड़े वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला और गंभीर हो गया तथा पुलिस ने आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपित गिरफ्तार

मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित नंदन यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में नंदन के पैर में गोली लगी। वहीं, उसके साथी हरेराम यादव के भागने के दौरान पैर में चोट लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में अब तक छेड़खानी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन नाबालिग बताए गए हैं।

वीडियो वायरल करने के मामले में तीन और गिरफ्तार

घटना के वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने भी अलग से कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने अब तक करीब 120 सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिह्नित किया है। वीडियो प्रसारित करने के आरोप में जमुई जिले से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों में चंद्रदीप थाना क्षेत्र के अलीगंज निवासी रामाशीष कुमार, सोनो थाना क्षेत्र के औरैया निवासी कुंदन कुमार तथा सदर थाना क्षेत्र के अड़सार निवासी फैयाज शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, रामाशीष घटना के दौरान मौके पर मौजूद था और उस पर वीडियो बनाने तथा उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है।

आठ आरोपित अब तक पुलिस की गिरफ्त में

इस मामले में अब तक कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी पुलिस की ओर से दी गई है। इनमें पांच को मूल घटना से जुड़े आरोपों में और तीन को वीडियो प्रसारित करने के आरोप में पकड़ा गया है। मामले की जांच पर सीआईडी, डीआईजी और एसपी स्तर से निगरानी रखी जा रही है। पुलिस इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments