Homeचैनपुरछह साल बाद भी नहीं बदली हाटा की तस्वीर, बदहाल सड़कों और...

छह साल बाद भी नहीं बदली हाटा की तस्वीर, बदहाल सड़कों और जलजमाव से परेशान नगरवासी

हाटा नगर पंचायत में बदहाल सड़कें और जलजमाव, छह साल बाद भी विकास अधूरा

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत हाटा में विकास की रफ्तार पर सवाल खड़े होने लगे हैं। नगर पंचायत के गठन के छह साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कई इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। बदहाल सड़कें, जलजमाव और नाली निर्माण में देरी से स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई जगहों पर सड़क पर जमा नाली के गंदे पानी के बीच से होकर लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नगर पंचायत हाटा-खरिगांवा मार्ग पर बस स्टैंड के समीप पीडब्ल्यूडी की ओर से निर्मित सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। यहां लगातार नाली का गंदा पानी जमा रहता है। इसी तरह मिडिल स्कूल के सामने की सड़क भी जर्जर हालत में है, जहां जलजमाव के कारण आवागमन में परेशानी होती है। इसके अतिरिक्त मिडिल स्कूल से आगे तीनमुहानी होते हुए बजरंगबली मंदिर तक जाने वाली सड़क की स्थिति भी काफी खराब है। वार्ड संख्या चार और दो के बीच सीमांकन के रूप में इस्तेमाल होने वाली यह सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से समस्या और गंभीर हो गई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

शिकायतों के बाद भी नहीं बदले हालात

स्थानीय निवासी संजय कुमार, विवेक कुमार, राजेश प्रसाद सहित अन्य लोगों ने बताया कि नगर पंचायत गठन के समय लोगों को क्षेत्र में तेजी से विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अपेक्षित गति से काम नहीं हुआ। कई सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार वार्ड पार्षदों और नगर पंचायत प्रशासन को जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की है, ताकि रोजाना की परेशानी से छुटकारा मिल सके।

नाली निर्माण के बाद बनेगी सड़क, कार्यपालक पदाधिकारी ने बताई वजह

इस मामले में नगर पंचायत हाटा की कार्यपालक पदाधिकारी प्रतीक्षा प्रजापति ने बताया कि मिडिल स्कूल के आगे तीनमुहानी से बजरंगबली मंदिर तक जाने वाली क्षतिग्रस्त सड़क की जानकारी उन्हें है। इस सड़क के निर्माण का टेंडर भी हो चुका है, लेकिन पहले नाली निर्माण कराया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि हाटा बाजार से सरपनी नहर तक नाली निर्माण की योजना है, जिसका टेंडर हो चुका है और जल्द ही काम शुरू होने की संभावना है। इस नाली के निर्माण के दौरान तीनमुहानी से बजरंगबली मंदिर तक के मार्ग में भी नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद सड़क की ढलाई का कार्य पूरा किया जाएगा। कार्यपालक पदाधिकारी के अनुसार, यदि जलनिकासी की व्यवस्था किए बिना पहले सड़क की ढलाई करा दी जाती है तो पानी जमा होने की समस्या और बढ़ सकती है। इसी वजह से सड़क निर्माण का कार्य फिलहाल रोका गया है। उन्होंने कहा कि नाली निर्माण शुरू होने तक पानी निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, मिडिल स्कूल के सामने और बस स्टैंड के समीप क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर उन्होंने बताया कि इनका निर्माण पीडब्ल्यूडी के माध्यम से कराया गया था। इनकी मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को पत्राचार किया गया है। अब स्थानीय लोगों को नगर पंचायत प्रशासन की ओर से किए गए इन आश्वासनों के धरातल पर उतरने का इंतजार है। देखना होगा कि नाली और सड़क निर्माण की योजनाएं कब तक पूरी होती हैं और हाटा के लोगों को बदहाल सड़कों तथा जलजमाव की समस्या से कब राहत मिलती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments